बिसौली। रामशरण वैद्य आदर्श इंटर कॉलेज मई-बसई में यूपी बोर्ड की अंतिम परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की कड़ी निगरानी में शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा समाप्त होते ही लंबे समय से परीक्षा के दबाव में रहे विद्यार्थियों ने राहत की सांस ली और उनके चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।
परीक्षा समाप्त होने के बाद विद्यालय परिसर के बाहर उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। केंद्र से दूर खड़े अभिभावक भी अपने बच्चों के अच्छे प्रदर्शन की कामना करते नजर आए। अब परीक्षा समाप्त होने के साथ ही विद्यार्थियों को परिणाम का इंतजार है।
अंतिम पेपर होने के कारण परीक्षार्थी निर्धारित समय से पहले ही केंद्र पर पहुंच गए थे। प्रवेश से पहले रामाधार शर्मा, सुधाकर शर्मा और रेनू कुमारी द्वारा उनकी सघन तलाशी और जांच की गई।
केंद्र व्यवस्थापक डॉ. घनश्याम दास ने बताया कि सुबह की पाली में हाईस्कूल चित्रकला विषय की परीक्षा में 505 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 90 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। पूरे परीक्षा सत्र के दौरान हाईस्कूल में 87 परीक्षार्थी पूर्ण रूप से तथा 5 आंशिक रूप से अनुपस्थित रहे, जबकि इंटरमीडिएट में 100 परीक्षार्थी पूर्ण रूप से और एक आंशिक रूप से अनुपस्थित रहा।
परीक्षा के दौरान केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट सचिन कुमार (पूर्ति निरीक्षक बदायूं), बाह्य केंद्र व्यवस्थापक विष्णु कांत, परीक्षा प्रभारी विपिन शर्मा, सह प्रभारी हरदीप सिंह और कंप्यूटर ऑपरेटर अमित पाराशरी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा।
Budaun Amarprabhat