बदायूं। जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) ने बताया कि जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न गैस एजेंसियों की पूर्ति निरीक्षकों के माध्यम से लगातार जांच कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि 16 मार्च 2026 को तहसील सहसवान स्थित सहसवान इंडेन गैस सर्विस, पाल इंडेन गैस सर्विस (कोल्हाई) और नगर क्षेत्र बदायूं की बदायूं गैस एजेंसी का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
डीएसओ के अनुसार, सोमवार को साप्ताहिक बंदी के बावजूद गैस कंपनियों के सहयोग से एजेंसियों को खुलवाकर 4864 उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए गए। वर्तमान में जनपद की विभिन्न एजेंसियों पर कुल 24,588 सिलेंडरों का स्टॉक मौजूद है, जिससे आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अपने गैस कनेक्शन पर डिजिटल माध्यम से बुकिंग कर सिलेंडर प्राप्त करें। जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराई है, वे संबंधित तेल कंपनी के मोबाइल ऐप या गैस एजेंसी पर संपर्क कर जल्द से जल्द केवाईसी पूरा करा लें।
साथ ही सभी गैस एजेंसियों पर केवाईसी और ऑनलाइन बुकिंग के लिए हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए हैं, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
Budaun Amarprabhat