औचक निरीक्षण में सामने आई सुस्ती, 15 जून तक खरीद अभियान—किसानों को सुविधा और समय पर भुगतान के निर्देश
संवाददाता: गोविंद देवल
बदायूं। जिले में गेहूं खरीद की धीमी रफ्तार पर जिलाधिकारी अवनीश राय ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को उन्होंने विकासखंड जगत के ग्राम पंचायत रहमा और मलगांव स्थित क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि 62,500 मैट्रिक टन के लक्ष्य के मुकाबले अब तक मात्र 30 कुंतल ही गेहूं की खरीद हो सकी है, जिस पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि खरीद प्रक्रिया को तेज किया जाए, ताकि निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा हो सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि गेहूं खरीद 15 जून 2026 तक जारी रहेगी और इसके लिए जनपद में 105 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। समर्थन मूल्य 2,585 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित है, जिस पर किसानों से पारदर्शी तरीके से खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम ने केंद्रों पर तौल व्यवस्था, बोरे की उपलब्धता, किसानों के पंजीकरण और भुगतान प्रणाली की गहन समीक्षा की। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और उनका भुगतान समयबद्ध तरीके से सीधे खातों में भेजा जाए।
मौके पर मौजूद किसानों से बातचीत कर उन्होंने उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। साथ ही केंद्रों पर साफ-सफाई, पेयजल और छाया की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि किसानों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी और किसान मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat