Breaking News

गंगा एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा का सख्त पहरा, डीएम-एसएसपी ने खुद संभाली कमान

Spread the love

गंगा एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा का सख्त पहरा, डीएम-एसएसपी ने खुद संभाली कमान

रात में हादसे रोकने को रैडियम रिफ्लेक्टर, ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई के निर्देश

संवाददाता : गोविंद देवल, बदायूं

बदायूं। जनपद से गुजर रहे गंगा एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। बुधवार को जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने संयुक्त रूप से एक्सप्रेस-वे क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विशेष रूप से रात्रि के समय होने वाले हादसों की रोकथाम पर जोर दिया। सड़क किनारे, डायवर्जन स्थलों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में रैडियम रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही कमर्शियल और भारी वाहनों पर भी रिफ्लेक्टिव मार्किंग सुनिश्चित कराने को कहा गया, ताकि रात में दृश्यता बेहतर हो सके।

डीएम और एसएसपी ने एआरटीओ विभाग को निर्देशित किया कि ओवरलोड वाहनों, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों तथा तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए। यूपीडा और पुलिस विभाग को एक्सप्रेस-वे पर नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

अधिकारियों ने आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता पर भी विशेष जोर दिया। एम्बुलेंस, क्रेन और राहत-बचाव संसाधनों को हर समय तैयार रखने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए, ताकि किसी भी दुर्घटना की स्थिति में तत्काल सहायता पहुंचाई जा सके।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह तथा उपजिलाधिकारी सदर मोहित कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

प्रशासन और पुलिस विभाग ने आमजन से अपील की है कि वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें और सभी सुरक्षा उपाय अपनाकर सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता ने किया नवनिर्मित सार्वजनिक शौचालय का अनावरण

Spread the love राजकीय सिविल पेंशनर्स परिषद के भवन के समीप विधायक निधि से हुआ …

error: Content is protected !!