*जनसामान्य की शिकायतों के त्वरित निस्तारण हेतु जनपद की तीनों तहसीलों में आयोजित हुआ संपूर्ण समाधान दिवस।*
*जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में तहसील सभागार गुन्नौर में आयोजित हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस।*
*अगर कोई भी ठियाबंदी उखाड़ने का कार्य करे तो पुलिस एवं राजस्व की टीम मिलकर उसके विरुद्ध एफआईआर के साथ-साथ ठोस से ठोस कार्यवाही करना करें सुनिश्चित…. जिलाधिकारी*
*संभल (बहजोई) 06 जून 2026*
जनसामान्य की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से आज जनपद की तीनों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।
जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल एवं पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई की अध्यक्षता में तहसील गुन्नौर के सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।
संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने शिकायतकर्ताओं की समस्या सुनकर मौके पर अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतें लंबित न रखी जायें, शिकायतों को गम्भीरता से लिया जाये। संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को पुलिस अधीक्षक द्वारा सुना एवं संबंधित थानाध्यक्षों को निस्तारण के निर्देश दिए।
आज तहसील गुन्नौर में आए प्रार्थना पत्रों को लेकर जिलाधिकारी ने कहा कि समस्त शिकायती पत्रों को संज्ञान में लेते हुए संबंधित अधिकारी गंभीरता पूर्वक एवं गुणवत्तापूर्ण शत प्रतिशत निस्तारण करना सुनिश्चित करें। शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं शीघ्र निस्तारण निचले स्तर पर ही सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अगर कोई भी ठियाबंदी उखाड़ने का कार्य करे तो उसके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराते हुए पावंद सहित ठोस से ठोस कार्यवाही करना सुनिश्चित किया जाए। पैमाईश के मामलों में सहमति बनाकर पैमाईश सुनिश्चित की जाए। धारा 67 के मामलों का निस्तारण शीघ्र हो। अपने अपने पटल पर पत्रावलियों का रखरखाव सही से हो यह सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने संबंधित को निर्देशित करते हुए कहा कि एक ही गाँव में कितनी शिकायतें आ रही हैं तथा इसका क्या कारण है, उसको लेकर जानकारी एकत्र कर आगामी सम्पूर्ण समाधान दिवस के अन्तर्गत प्रस्तुत की जाए। चक मार्गों को कब्जा मुक्त कराने को लेकर भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए। गांवों के सम्पर्क मार्गों को गड्ढा मुक्त कराने को लेकर भी निर्देशित किया। वर्षा से पूर्व जलभराव आदि समस्याओं के निस्तारण को लेकर भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
प्राकृतिक आपदा, नदी में डूबने आदि घटनाओं के रोक थाम के लिए क्या क्या कार्य किये जा रहे हैं उसको लेकर जानकारी प्राप्त करते हुए संबंधित को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने घाटों पर साफ सफाई तथा बैरिकेडिंग तथा नदी में पानी की गहराई आदि से संबंधित साईन ऐज लगवाने को लेकर भी संबंधित को निर्देशित किया। फार्मर रजिस्ट्री तथा राजस्व प्रकरणों को लेकर भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि राजस्व एवं पुलिस की टीम समन्वय बनाते हुए शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करना सुनिश्चित करे।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, प्रभागीय वनाधिकारी प्रीती यादव,मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.तरुण पाठक, उप जिलाधिकारी गुन्नौर विकास चन्द्र सहित संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat