
उझानी/बदायूं। सोमवती अमावस्या पर्व के मद्देनजर रविवार को जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने कछला गंगा घाट का भ्रमण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गंगा घाट पर स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन, पार्किंग व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा कानून-व्यवस्था की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए।
जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्व के दौरान घाट क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित एवं सुगमता के साथ गंगा स्नान कर सकें।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, एसडीएम सदर मोहित कुमार, क्षेत्राधिकारी उझानी सुनील कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक उझानी प्रवीण कुमार सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat