सैदनगर विकास खंड में आयोजित जन कल्याण शिविर में बोले शहर विधायक आकाश सक्सेना
कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार का लक्ष्य

राहुल मौर्य
रामपुर। शहर विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि जन कल्याण शिविर के माध्यम से हम सब एक ऐसे प्रयास का हिस्सा बने हैं, जिसका उद्देश्य है कि सरकार की योजनाओं को सीधे जनता तक पहुंचाना और हर जरूरतमंद को उसका अधिकार दिलाना। यह शिविर केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और सुशासन का सशक्त माध्यम है।

सैदनगर विकास खंड में आयोजित जन कल्याण शिविर का शुभारंभ शहर विधायक आकाश सक्सेना ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचे। चाहे वह प्रधानमंत्री आवास योजना हो, आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना, वृद्धावस्था पेंशन, किसान सम्मान निधि या स्वरोजगार योजनाएं, हर योजना का लाभ बिना किसी भेदभाव के पात्र व्यक्तियों तक पहुंचे, यही हमारी प्राथमिकता है। इस जन कल्याण शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित हैं, जो आपकी समस्याओं को सुनने और उनका त्वरित समाधान करने के लिए तत्पर हैं। आप सभी से मेरा आग्रह है कि आगे आएं, अपनी समस्याएं रखें और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। यह शिविर आपकी सुविधा के लिए ही आयोजित किया गया है।

उन्होंने कहा कि आज के समय में पारदर्शिता और जवाबदेही बेहद आवश्यक है। हमारी सरकार ने भ्रष्टाचार पर लगाम लगाते हुए व्यवस्था को सरल और जनहितकारी बनाया है। डिजिटल माध्यमों के जरिए योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रहा है, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है। हमारा प्रयास केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना भी है। इसके लिए जनप्रतिनिधि और प्रशासन की साझेदारी आवश्यक है। जब तक हम सब मिलकर कार्य नहीं करेंगे, तब तक पूर्ण विकास संभव नहीं है। उन्होंने सभी को आश्वस्त करते हुए कहा कि आपके हितों की रक्षा और क्षेत्र के विकास के लिए मैं निरंतर प्रयासरत रहूंगा। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में हम तेजी से कार्य कर रहे हैं और आने वाले समय में और भी बेहतर परिणाम देखने को मिलेंगे। इसके बाद उन्होंने सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। बच्चों का अन्नप्राशन कराया। गर्भवती महिलाओं को फलों की टोकरी और पोषण सामग्री वितरित की। कार्यक्रम में सैदनगर ब्लॉक प्रमुख मोहित सैनी, वीरपाल सहित समस्त क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat