बदायूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत रविवार को जनपद बदायूं में वृहद वृक्षारोपण महाअभियान-2026 का शुभारंभ किया गया। गंगा एक्सप्रेसवे के निकट ग्राम वनकोटा के पास आयोजित मुख्य कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान ने फीता काटकर, दीप प्रज्ज्वलित कर और विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ अभियान की शुरुआत की।
इस दौरान जनपद में 50 लाख 20 हजार 200 पौधे लगाने का लक्ष्य पूरा किया गया। कार्यक्रम में लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की गई।
केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए। उन्होंने कहा कि पेड़ पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने, वर्षा बढ़ाने और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की देखभाल पर भी विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम में सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव, एमएलसी प्रतिनिधि शारदेंदु पाठक, नोडल अधिकारी एवं राज्य आयुक्त जीएसटी नितिन बंसल, जिलाधिकारी अवनीश राय तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर स्कूली छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले अध्यापकों, छात्र-छात्राओं और अन्य लोगों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया गया।
— संवाददाता, अमर प्रभात न्यूज़
Budaun Amarprabhat