संवाददाता
बदायूं। बहुजन समाज पार्टी ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा फैसला लेते हुए बदायूं जिले की कमान जयपाल सिंह को सौंप दी है। पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री एवं बसपा सुप्रीमो मायावती के निर्देश पर जयपाल सिंह को बहुजन समाज पार्टी का जिला अध्यक्ष, बदायूं नियुक्त किया गया है। नियुक्ति की जानकारी मंडल प्रभारी राजवीर सिंह ने दी।
जयपाल सिंह इससे पूर्व ब्लॉक सलारपुर में ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वर्तमान में वह थाना बिनावर क्षेत्र के गांव दियौरीजीत के ग्राम प्रधान पति हैं। लंबे समय से सामाजिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहने के कारण पार्टी नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
मंडल प्रभारी राजवीर सिंह ने बताया कि पार्टी के प्रदेश एवं राष्ट्रीय नेतृत्व ने संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से यह नियुक्ति की है। उन्होंने कहा कि जयपाल सिंह के नेतृत्व में बदायूं जनपद में संगठन को नई मजबूती मिलेगी तथा पार्टी की नीतियों और जनहित के कार्यक्रमों को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा।
नियुक्ति के बाद जयपाल सिंह ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलना और बहुजन समाज पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।
जयपाल सिंह के जिला अध्यक्ष बनने की घोषणा के बाद जिले के बसपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। अनेक पदाधिकारियों एवं समर्थकों ने उन्हें बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में बदायूं में पार्टी का संगठन और अधिक मजबूत होगा।
Budaun Amarprabhat