कादरचौक। थाना कादरचौक क्षेत्र के ग्राम बखतपुर में बुधवार देर रात पारिवारिक विवाद के दौरान हुई फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी मां घायल हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात परिवार के दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान वीर सिंह ने कथित तौर पर तमंचे से फायरिंग कर दी। गोली लगने से आकाश पुत्र मलखान गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी मां संतोषी भी गोली लगने से घायल हो गईं।
परिजन दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कादरचौक लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने आकाश को मृत घोषित कर दिया। वहीं, संतोषी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कादरचौक विक्रम सिंह, एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह तथा क्षेत्राधिकारी उझानी सुनील कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी घटना के बाद से फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Budaun Amarprabhat