बगरैन (बदायूं)। वजीरगंज थाना क्षेत्र में आंवला-बिसौली मार्ग पर रविवार को पिकअप और बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में बुआ और भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार एक किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव वरीपुरा निवासी सत्यम (20) पुत्र शिवराज अपनी बुआ महेश्वरी देवी, पत्नी दुर्वेश सिंह, निवासी जरगांव थाना बनियाठेर (जनपद संभल) तथा अपनी बहन पायल (15) के साथ बाइक से आंवला जा रहा था। जैसे ही उनकी बाइक वरीपुरा पेट्रोल पंप के आगे आंवला-बिसौली रोड पर पहुंची, सामने से आ रही एक पिकअप से उसकी टक्कर हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि सत्यम और महेश्वरी देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पायल गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी अखिल तोमर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल किशोरी को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर लोगों की भीड़ जुटने से यातायात प्रभावित रहा।
परिजनों के अनुसार, मृतक सत्यम के पिता शिवराज सिंह की भी पहले सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और फरार पिकअप चालक की तलाश की जा रही है।
Budaun Amarprabhat