सहसवान (बदायूं)। विकासखंड सहसवान क्षेत्र की ग्राम पंचायत कौल्हई स्थित ग्राम देवी मंदिर गमादेत पर आयोजित हवन-यज्ञ का रविवार को वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ श्रद्धापूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम में गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और हवन कुंड में आहुति अर्पित कर गांव एवं क्षेत्र की उन्नति, सुख-समृद्धि, शांति, अच्छी वर्षा और खुशहाली की मंगलकामना की।
हवन-यज्ञ के दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। महिलाओं ने मंगल गीत एवं भजनों का सुमधुर गायन किया, जिससे श्रद्धालु भक्ति रस में डूब गए। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना कर धार्मिक अनुष्ठान में सहभागिता निभाई।
हवन-यज्ञ के समापन के उपरांत मंदिर परिसर में प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के दौरान ग्रामीणों ने सेवा भाव के साथ व्यवस्थाओं का संचालन किया और कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
आयोजकों ने बताया कि ग्राम देवी मंदिर गमादेत पर यह हवन-यज्ञ प्रतिवर्ष परंपरागत रूप से आयोजित किया जाता है। यह धार्मिक आयोजन गांव की आस्था, एकता और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है, जिसमें प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर धर्म लाभ प्राप्त करते हैं।
Budaun Amarprabhat