Breaking News

बिल्सी में बिजली विभाग का चेकिंग अभियान, बकायेदारों और बिजली चोरी करने वालों पर कसी नकेल

Spread the love

बिल्सी। बिजली विभाग ने बुधवार को नगर के मोहल्ला संख्या-8 में विशेष जांच अभियान चलाकर बकाया बिजली बिल वाले उपभोक्ताओं और बिजली चोरी की शिकायतों की जांच की। अभियान के दौरान विभागीय टीम ने घर-घर पहुंचकर बिजली मीटरों का निरीक्षण किया और उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने की अपील की।

अचानक हुई इस कार्रवाई से बड़े बकायेदारों और अवैध रूप से बिजली का उपयोग करने वालों में हलचल मच गई। टीम ने कई स्थानों पर बिजली चोरी की आशंका के मद्देनजर कटीया कनेक्शन और अन्य अनियमितताओं की भी जांच की।

निरीक्षण के दौरान जिन उपभोक्ताओं के यहां अभी तक स्मार्ट मीटर नहीं लगे थे या जिन्होंने मीटर संबंधी आवश्यक प्रक्रिया पूरी नहीं की थी, उन्हें चिन्हित किया गया। विभाग की ओर से ऐसे उपभोक्ताओं को जल्द आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराने के निर्देश दिए गए।

अधिशासी अभियंता नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शासन और उच्च अधिकारियों के निर्देश पर यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य राजस्व वसूली बढ़ाने के साथ-साथ बिजली चोरी पर प्रभावी रोक लगाना है।

उन्होंने कहा कि बिजली चोरी करते पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी उपभोक्ताओं से अपील की गई कि वे समय पर बिजली बिल का भुगतान करें और वैध कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली का उपयोग करें।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

भाजपा के नवनियुक्त क्षेत्रीय पदाधिकारियों का हुआ स्वागत

Spread the loveबदायूं, 5 सितंबर। भाजपा ब्रज क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय महामंत्री राजेश्वर सिंह पटेल …