बिसौली। 24 यूपी बटालियन एनसीसी, मुरादाबाद के निर्देशन में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत रामशरण वैद्य आदर्श इंटर कॉलेज मई-बसई में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एनसीसी कैडेटों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज परिसर में जागरूकता रैली एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी नारों के साथ किया गया। इसके पश्चात कैडेटों ने परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। इस अवसर पर कैडेटों ने सभी लोगों से प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण अवश्य करना चाहिए। अंत में सभी प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों की सुरक्षा एवं नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का सफल संचालन कॉलेज की एनसीसी इकाई के सहयोग से संपन्न हुआ तथा सभी कैडेटों की सक्रिय सहभागिता सराहनीय रही। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य डॉ. घनश्याम दास, सीटीओ मनोज कुमार सहित समस्त स्टॉफ उपस्थित रहा।
Budaun Amarprabhat