सरकार ने दी बदायूं से लखनऊ सीधी ट्रेन की सौगात
केन्द्रीय मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारम्भ
बदायूँ 26 जुलाई। पूर्वाेत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल के उझानी रेलवे स्टेशन पर रविवार को आयोजित समारोह में मा0 उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री भारत सरकार बी0एल0 वर्मा ने कासगंज-ऐशबाग-कासगंज दैनिक एक्सप्रेस गाड़ी संख्या 15312/15311 के उद्घाटन के अवसर पर उद्घाटन विशेष गाड़ी संख्या 05018 को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि सरकार की नीयत व नीतियां जनकल्याणकारी हैं। पूर्व में दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन और अब लखनऊ के लिए सीधी ट्रेन होने से आमजन को सुविधा होगी।
केन्द्रीय राज्य मंत्री बी0एल0 वर्मा ने कहा कि मा0 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोंच व सफल नेतृत्व तथा मा0 रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के मार्गदर्शन में देश में रेलवे अवसंरचना का अभूतपूर्व विस्तार हो रहा है, इसके लिए उन्होंने बदायूं की जनता की ओर से आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कासगंज, उझानी एवं बदायूं क्षेत्र की लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करते हुए कासगंज-ऐशबाग दैनिक एक्सप्रेस की सौगात दी गई है। इस ट्रेन के संचालन से स्थानीय जनता, विद्यार्थियों, व्यापारियों तथा नौकरीपेशा लोगों को बदायूं, बरेली, पीलीभीत, मैलानी, सीतापुर एवं लखनऊ तक सुरक्षित, सुविधाजनक एवं नियमित रेल संपर्क उपलब्ध होगा।
उन्होंने रेलवे द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुर्नविकसित उझानी स्टेशन के आधुनिकीकरण तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए रेलवे प्रशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि बदायूं रेेलवे स्टेशन को भी इस योजना से लाभान्वित करते हुए वहां भी कार्य कराए गए हैं। उन्होंने रेलवे विभाग के अधिकारियों से कहा कि कछला को हाल्ट के स्थान पर स्टेशन बनाया जाए जिससे जनता को सुविधा होगी।
उन्होंने कहा कि विगत माह में बदायूं से सीधे दिल्ली के लिए ट्रेन चलाई गई थी और अब रविवार को बदायूं से लखनऊ की सीधी ट्रेन का शुभारंभ हो गया है इससे जनपद वासियों को सुविधा होगी और अब दिल्ली व लखनऊ दूर नहीं रह गया है। उन्होंने कहा कि पिछली बार सोशल मीडिया पर हैशटैग बीएल वर्मा ट्रेन दूसरे नंबर पर ट्रेंड कर रहा था और रविवार को भी हैशटैग बीएल वर्मा ट्रेन बदायूं लखनऊ दूसरे नंबर पर ट्रेंड कर रहा है और प्रथम नंबर पर कारगिल विजय दिवस ट्रेंड कर रहा है।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार ने सड़क व रेलवे कनेक्टिविटी का जाल पूरे देश में बिछाया है और बदायूं में भी इस पर कार्य हुए हैं। दिल्ली व लखनऊ के लिए अब सीधी ट्रेन हो गई है, इसके अतिरिक्त गंगा एक्सप्रेसवे बनाया गया है व मथुरा बरेली एक्सप्रेस में जो की बदायूं से होकर जाएगा वह भी निर्माणाधीन है। उन्होंने कहा कि सरकार की कथनी व करनी में अंतर नहीं है।
बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने इस नई रेल सेवा के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह ट्रेन क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में मील का पत्थर सिद्ध होगी।
सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता ने कहा कि भारत एक दिन विश्व गुरू बनेगा। उन्होंने कहा कि मोदी जी व योगी जी जन कल्याणकारी कार्य कर आमजन के जीवन में खुशहाली लाने का कार्य सफलता पूर्वक कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो हम कहते हैं वह ब्राहमांण्ड में गूंजता है। उन्होंने कहा कि अच्छा सोंचों अच्छा होगा आज नही ंतो कल होगा।
ज्ञात हो कि 27 जुलाई 2026 से नियमित गाड़ी संख्या 15312/15311 कासगंज-ऐशबाग-कासगंज दैनिक एक्सप्रेस का संचालन प्रारंभ जायेगा। यह गाड़ी दोनों दिशाओं में एलएचबी रेक के साथ संचालित होगी, जिसमें 01 पावर कार, 01 एसएलआर, 04 अनारक्षित द्वितीय श्रेणी, 09 नॉन एसी चेयर कार तथा 01 वातानुकूलित चेयर कार सहित कुल 16 कोच लगाए गए हैं।
गाड़ी संख्या 15312 कासगंज-ऐशबाग एक्सप्रेस कासगंज से प्रातः 04ः20 प्रस्थान कर, उझानी से 05ः02 छूटकर, बदायूं 05ः25, बरेली जं. 06ः15, इज्जतनगर 06ः37, पीलीभीत 07ः40, पूरनपुर 08ः40, मैलानी 09ः30, गोला गोकरननाथ 09ः50, लखीमपुर 10ः26, सीतापुर जं. 10ः52, सिधौली 11ः46, मोहिबुल्लापुर से 12ः23 बजे छूटकर ऐशबाग जं0 13ः00 बजे पहुँचेगी तथा वापसी में गाड़ी संख्या 15311 ऐशबाग-कासगंज एक्सप्रेस ऐशबाग जं0 से 14ः00 बजे प्रस्थान कर, मोहिबुल्लापुर 14ः20 बजे छूटकर, सिधौली 14ः58, सीतापुर जं. 15ः20, लखीमपुर 16ः10, गोला गोकरननाथ 16ः40, मैलानी 17ः25, पूरनपुर 17ः52, पीलीभीत 18ः45, इज्जतनगर 19ः35, बरेली जं. 20ः10, बदायूं 21ः10, उझानी से 21ः25 बजे छूटकर कासगंज जं0 रात्रि 22ः40 बजे पहुँचेगी।
जनप्रतिनिधि, आमजन, अधिकारी व मीडिया के लोग उझानी से बदायूं रेलवे स्टेशन तक नव संचालित ट्रंेन से आए। बदायूं रेलवे स्टेशन पर गणमान्य लोगों ने उनका स्वागत किया। बदायूं के साहित्यकार अशोक खुराना ने कहा कि एक नहीं दो-दो मिली, सीधी सीधी ट्रेन, वर्मा जी ने हल किया, मुद्दा था यह मेन। जिसको सभी ने सराहा।
कार्यक्रम में शेखूपुर विधानसभा के पूर्व विधायक धर्मेन्द्र शाक्य, पूर्वाेत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल की डीआरएम वीणा सिन्हा, मण्डल वाणिज्य प्रबंधक रिकीता, सहायक निदेशक सूचना आशुतोष चन्दोला सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पार्टी पदाधिकारी व बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat