Breaking News

चलती ट्रेन के फुटबोर्ड पर यात्रा न करें, इज्जतनगर मंडल ने यात्रियों से की अपील

Spread the love

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने रेल यात्रियों से सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए चलती ट्रेन के पायदान (फुटबोर्ड) पर बैठकर या खड़े होकर यात्रा न करने की अपील की है। मंडल प्रशासन ने कहा है कि थोड़ी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।

रेल प्रशासन के अनुसार, कुछ यात्री लापरवाही या रोमांच के कारण ट्रेन के दरवाजे अथवा फुटबोर्ड पर यात्रा करते हैं। इससे अचानक झटका लगने, संतुलन बिगड़ने, विद्युत पोल या पुल से टकराने तथा ट्रेन से गिरने जैसी दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है, जिससे गंभीर चोट या जान-माल का नुकसान हो सकता है।

पूर्वोत्तर रेलवे ने बताया कि रेलवे अधिनियम, 1989 की धारा 156 के तहत चलती ट्रेन के फुटबोर्ड पर यात्रा करना दंडनीय अपराध है। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे हमेशा कोच के अंदर सुरक्षित स्थान पर बैठकर या खड़े होकर यात्रा करें और अपने साथ-साथ अन्य यात्रियों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।

इज्जतनगर मंडल द्वारा यात्रियों को जागरूक करने के लिए विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसके अलावा सोशल मीडिया और अन्य संचार माध्यमों के जरिए भी समय-समय पर रेल सुरक्षा संबंधी संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा है कि “सुरक्षित यात्रा ही सुखद यात्रा है।” भारतीय रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

​कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर डीएम और एसएसपी ने कछला गंगा घाट पर परखा सुरक्षा चक्र

Spread the loveसंवाददाता गोविन्द देवल ​बदायूँ। आगामी श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित …

error: Content is protected !!