बदायूं के युवा का अनूठा संकल्प, भगवान बांके बिहारी के दरबार तक लगाएंगे दंडवत प्रणाम
ग्रामीणों और युवा साथियों का मिल रहा है भरपूर समर्थन, यात्रा को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म
आसफपुर। उत्तर प्रदेश की राजनीति में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर सरगर्मी अभी से तेज होने लगी है। इसी बीच, बदायूं जिले के विकास खंड क्षेत्र अंतर्गत आने वाले गांव दबथरा के एक 22 वर्षीय युवा बाबा अमन यादव ने अनोखी मिसाल पेश की है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को वर्ष 2027 में पुनः उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने की मुराद लेकर युवा बाबा अमन यादव ने पैतृक गांव दबथरा से धार्मिक नगरी वृंदावन के लिए दंडवत यात्रा शुरू कर दी है।
बाबा अमन यादव का यह संकल्प और उनके द्वारा चुनी गई अनूठी शैली इस समय पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, युवा बाबा अमन यादव की यह दंडवत यात्रा 27 जुलाई को उनके पैतृक गांव दबथरा से आरंभ हुई है। यह यात्रा बिसौली तहसील क्षेत्र से होते हुए चंदौसी, बबराला, राजघाट, नरौरा और अलीगढ़ मार्ग से आगे बढ़ते हुए उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल वृंदावन पहुंचेगी। इस लंबी और कठिन यात्रा के दौरान बाबा अमन यादव जगह-जगह रुककर जनसंपर्क भी कर रहे हैं।
इस धार्मिक एवं राजनीतिक संकल्प यात्रा को सफल बनाने में गांव दबथरा के कई होनहार युवा तन-मन से जुटे हुए हैं। यात्रा में बाबा अमन यादव का सहयोग करने वालों में प्रमुख रूप सेपुरुषोत्तम यादव, नितिन यादव, पुष्पेंद्र यादव, विशाल यादव, शिवम यादव, साहिल यादव, सौराज सिंह यादव सहित अन्य ग्रामीण व युवा साथी शामिल हैं, जो इस पूरी यात्रा के दौरान उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहे हैं और व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहे हैं।
क्षेत्र के राजनीतिक गलियारों में युवा बाबा अमन यादव की इस निष्ठा और दंडवत यात्रा को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। अब देखना यह है कि बदायूं से वृंदावन तक की यह कठिन दंडवत यात्रा कितनी सफल रहती है और मिशन 2027 को लेकर युवाओं का यह जोश क्या रंग लाता है।
Budaun Amarprabhat