बदायूं, । मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती गामिनी सिंगला ने मंगलवार को लक्ष्मी नारायण ग्रामोद्योग विकास समिति, बिसौली द्वारा संचालित मानसिक मंदित आश्रय गृह सह प्रशिक्षण केंद्र, मीरा जी चौकी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संस्था के सचिव एवं प्रबंधक मनोज कुमार शर्मा मौजूद मिले, जबकि आश्रय गृह में 16 बच्चे उपस्थित पाए गए।
निरीक्षण में भोजन निर्धारित मेन्यू के अनुरूप नहीं मिला तथा बच्चों को खेल किट भी वितरित नहीं की गई थी। वहीं नर्स निशा और कर्मचारी रघुवीर बिना सूचना के अनुपस्थित मिले। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी को अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण लेकर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने आश्रय गृह में खिड़कियों पर मच्छर जाली लगाने, शौचालय में प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा बच्चों को निर्धारित मेन्यू और मात्रा के अनुसार समय पर गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश संस्था के सचिव मनोज कुमार शर्मा को दिए।
इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी ने पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान का भी निरीक्षण किया, जहां स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को दिए जा रहे ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण का जायजा लिया।
Budaun Amarprabhat