उसहैत। उसावां ब्लॉक पर लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने वाले खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश वर्मा की सेवानिवृत्ति के अवसर पर उसहैत स्थित ताज मैरिज हॉल परिसर में ब्लॉक के समस्त अध्यापक और अध्यापिकाओं द्वारा एक सादा एवं गरिमापूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस विदाई समारोह में खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश वर्मा अपनी पत्नी श्रीमती आशा वर्मा तथा अपने पुत्र व पुत्री के साथ विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समारोह में उपस्थित तमाम गुरुजनों और शिक्षकों ने श्री वर्मा के कार्यकाल के दौरान उनके उत्कृष्ट कार्य, सरल व्यवहार और सहयोगात्मक रवैये की भूरी-भूरी प्रशंसा की। शिक्षकों ने उन्हें फूल-मालाओं से लादकर उनके प्रति आदर एवं प्रेम प्रकट किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष रामसेवक वर्मा ने कहा कि “खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश वर्मा ने हमेशा विभाग में एक अभिभावक की तरह कार्य किया है, जिससे शिक्षकों को हमेशा सकारात्मक ऊर्जा मिली।” वहीं, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के ब्लॉक अध्यक्ष नंदकिशोर पाठक ने कहा कि उन्होंने कभी भी एक अधिकारी के रूप में नहीं, बल्कि एक सच्चे संरक्षक के रूप में कार्य किया, जो उनकी लोकप्रियता का सबसे बड़ा कारण है।
कार्यक्रम का बहुत ही सुंदर संचालन नंदकिशोर पाठक द्वारा किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के प्रमुख शिक्षकों व शिक्षाविदों में अरुण कुमार शाक्य, अजयपाल सिंह, गयाराम भारती, राकेश कुमार यादव, श्रीमती सविता, निशा रानी, रत्नेश कुमार, राजबाला शाक्य, स्नेहलता, पूनम भारद्वाज, श्रीकृष्ण जी, अकबर अली, मो. कामरान, अरविंद कुमार सिंह और विजय कुमार कौशिक सहित ब्लॉक के सभी एआरपी, पूर्व एआरपी और वरिष्ठ शिक्षक संकुल बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने उनके स्वस्थ, सुखी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Budaun Amarprabhat