मुजरिया। जनपद के थाना मुजरिया क्षेत्र अंतर्गत मुजरिया से कछला मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ रॉन्ग साइड से आ रही एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में ई-रिक्शा में बैठे दो स्कूली छात्र और ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि ई-रिक्शा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस के जरिए सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्सी उपचार के लिए भिजवाया है, जहाँ उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजकुमार पुत्र बनवारी लाल निवासी ग्राम सगराय, थाना मुजरिया, जनपद बदायूं ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घटना के समय वह मुजरिया से कछला मार्ग पर स्कूल के छात्रों को बैठाकर वापस अपने गांव सगराय जाने के लिए ई-रिक्शा खड़ा कर रहे थे। इसी दौरान कछला की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने रॉन्ग साइड से आते हुए खड़े ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो छात्र व चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे में राजकुमार पुत्र बनवारी लाल निवासी सगराय, मुजरिया – ई-रिक्शा चालक, गोपाल पुत्र आनंद निवासी सगराय – छात्र, कक्षा 10, अंकित पुत्र प्रेमपाल आयु 19 वर्ष, निवासी सगराय- छात्र, कक्षा 10 घायल हुए।
घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलने पर तुरंत मौके पर पहुँची मुजरिया पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया।
हादसे के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना को अंजाम देने वाली कार और उसके चालक को अपनी हिरासत में ले लिया है तथा दोनों को थाने ले जाया गया। वहीं, घायलों के परिजनों की ओर से थाना मुजरिया में कार चालक के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई के लिए लिखित तहरीर दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Budaun Amarprabhat