राहुल मौर्य
मसवासी (रामपुर)। कोचिंग से पढ़ाई कर घर लौट रही एक छात्रा के साथ बाइक सवार युवक द्वारा कथित छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। छात्रा के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पीड़िता पक्ष ने आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
घटना शुक्रवार दोपहर बाद की बताई जा रही है। मसवासी क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली छात्रा नगर स्थित कोचिंग सेंटर से पढ़ाई कर घर लौट रही थी। आरोप है कि सीतारामपुर-चाऊपुरा संपर्क मार्ग पर पीछे से बाइक से आए एक युवक ने उसे सीतारामपुर तक छोड़ने की बात कहकर बाइक पर बैठा लिया। कुछ दूर चलने के बाद युवक ने उसके साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गन्ने के खेत में जा गिरी।
आरोप है कि इसके बाद युवक छात्रा को गन्ने के खेत की ओर खींच ले गया और उसके साथ अभद्रता करने लगा। छात्रा के विरोध और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने छात्रा को सुरक्षित बाहर निकाला और आरोपी युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना दो समुदायों से जुड़ी होने के कारण कुछ समय के लिए क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात को संभाल लिया। पीड़िता पक्ष की ओर से आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दे दी गई है। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर स्वार कोतवाली ले गई।
समाचार लिखे जाने तक इस मामले में मुकदमा दर्ज किए जाने की प्रक्रिया चल रही थी। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Budaun Amarprabhat