Breaking News

महिला कल्याण विभाग की योजनाओं की दी जानकारी, बाल विवाह और नशे के प्रति किया जागरूक

Spread the love

बदायूं, 14 सितंबर। विकासखंड वजीरगंज और सलारपुर में महिला कल्याण विभाग की ओर से संचालित योजनाओं एवं बाल संरक्षण से संबंधित विषयों को लेकर कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, साइबर सुरक्षा, बाल विवाह, नशे के दुष्प्रभाव तथा महिला-बाल सुरक्षा से जुड़ी हेल्पलाइन की जानकारी दी गई।

जिला मिशन समन्वयक छवि वैश्य ने ‘एक युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए बच्चों को नशे से दूर रखने की अपील की। उन्होंने साइबर सुरक्षा और साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में भी बताया। साथ ही मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, पति की मृत्यु के बाद पुनर्विवाह दंपति पुरस्कार, दहेज प्रथा से पीड़ित महिलाओं को कानूनी सहायता सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी।

जेएस एचईडब्ल्यू प्रीती चौहान ने वन स्टॉप सेंटर की सुविधाओं तथा महिला और बालिका सुरक्षा से जुड़ी हेल्पलाइन 112, 1090, 181, 102, 108 और 1098 के बारे में जानकारी दी। सामाजिक कार्यकर्ता भमरपाल सिंह ने पॉश एक्ट, बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति तथा विभागीय योजनाओं के बारे में बताया।

संरक्षण अधिकारी रवि कुमार ने मिशन वात्सल्य योजना के तहत बच्चों के संरक्षण, कल्याण और पुनर्वास की जानकारी दी। उन्होंने बाल श्रम और भिक्षावृत्ति में लगे बच्चों के रेस्क्यू एवं पुनर्वास के लिए चलाए जा रहे अभियानों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि किसी बच्चे को समस्या होने पर चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर संपर्क किया जा सकता है। कार्यशाला में बाल विवाह के दुष्परिणाम और इसके विरुद्ध कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी दी गई।

इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी इंद्रपाल सिंह, एडीओपी शिव कुमार, सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी, चिकित्सा अधीक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सहायक पंचायत अधिकारी, संरक्षण अधिकारी रवि कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता भमरपाल सिंह, जेएस एचईडब्ल्यू प्रीती चौहान, परामर्शदाता चाइल्ड हेल्पलाइन और प्रभारी बाल परियोजना अधिकारी संगीता उपस्थित रहीं। कार्यशाला में महिलाओं और बच्चों ने योजनाओं एवं कानूनों से संबंधित जानकारी में रुचि दिखाई।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

पूर्व मंत्री आबिद व चेयरमैन फात्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना

Spread the loveपूर्व मंत्री आबिद व चेयरमैन फात्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना की महर्षि …