Breaking News

श्री गणेश पंडाल में धूमधाम से हुआ भगवान शिव-पार्वती का विवाह, झांकी देख भावविभोर हुए श्रद्धालु

Spread the love

बदायूँ। श्री गणेश सेवा मंडल के तत्वावधान में आयोजित भव्य श्री गणेश महोत्सव के दूसरे दिन धार्मिक उल्लास और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। पंडाल में भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह का प्रसंग बड़े ही धूमधाम व श्रद्धाभाव के साथ संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर मंडल द्वारा प्रस्तुत की गई शिव-पार्वती की मनमोहक झांकी ने उपस्थित सभी श्रद्धालुओं का मन मोह लिया और पूरा वातावरण ‘हर-हर महादेव’ और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
महोत्सव के द्वितीय दिवस पर कथा व्यास साध्वी मनु प्रिया जी ने भगवान श्री गणेश की महिमा का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि सनातन धर्म में भगवान गणेश बुद्धि, विवेक, ज्ञान, शुभारंभ और विघ्नों को हरने वाले प्रथम पूज्य देवता हैं। उनका पावन चरित्र हमें जीवन में माता-पिता के प्रति आदर, सेवा और आज्ञापालन की प्रेरणा देता है। विषम परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्य पर अडिग रहना और अपार शक्ति व ज्ञान के बावजूद सरल बने रहना ही गणेश जी का मूल संदेश है। उन्होंने बताया कि गजानन का विशाल मस्तक व्यापक दृष्टिकोण और उच्च विचारों का प्रतीक है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में संस्था के अध्यक्ष वीरेंद्र वार्ष्णेय, सुनील गुप्ता, सुनील वार्ष्णेय, मनोज गुप्ता, अवनीश साहू, संतोष गुप्ता, रामेश्वर दयाल, चंद्र प्रकाश गुप्ता, नितेश वार्ष्णेय, राहुल चौबे, राहुल राठौर, लव कुमार, अभिषेक गुप्ता, शिवम गुप्ता और रोहित गुप्ता का सक्रिय योगदान रहा।
इसके साथ ही महिला मंडल से दीपमाला गोयल, सीमा राठौर, नीरू गुप्ता, इन्दु सक्सेना, अर्चना गुप्ता, कृष्णा कश्यप, सरोज यादव, पूजा राठौर एवं अंजलि राठौर आदि ने व्यवस्थाओं में उल्लेखनीय सहयोग दिया। इस धार्मिक अनुष्ठान की विस्तृत जानकारी संस्था के मीडिया प्रभारी पंकज शर्मा द्वारा दी गई। आरती और प्रसाद वितरण के साथ दूसरे दिन के कार्यक्रम का समापन हुआ।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने बीएसए और लेखाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

Spread the loveबदायूं। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के बैनर तले करीब 200 शिक्षकों ने शुक्रवार को …