आसफपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर ‘संकल्प दिवस’ के रूप में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. पंकज शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों के लिए आयुष्मान आरोग्य महाशिविर व स्वास्थ्य मेले का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में मरीजों की जांच कर दवाएं वितरित की गईं।
कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पंकज शर्मा और स्थानीय ब्लॉक प्रमुख ओमकृष्ण ने केक काटकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित शिविर में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
कार्यक्रम के समापन पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पंकज शर्मा एवं ब्लॉक प्रमुख ओमकृष्ण ने स्वास्थ्य सेवाओं में समर्पित भाव से उत्कृष्ट कार्य करने वाले डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया। सम्मानित होने वालों में डॉ. ईशान चौधरी, नेत्र चिकित्सक रमाकांत वार्ष्णेय, समद अली, विशाल भारती, केशव कुमार उपाध्याय, निशाकर शर्मा, गौरव वार्ष्णेय, आफाक अंसारी, अवनीश यादव, अखिलेश यादव शामिल रहे। साथ ही स्टाफ नर्स जहीन मिर्जा, शिवानी शर्मा, मधुबाला, ज्योति जेम्स, गीता रानी, अजय यादव, विकास यादव, पुष्पेंद्र यादव और संजीव कुमार को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर एएनएम और आशा कार्यकत्रियों में विमलेश शर्मा, सर्वेश शर्मा सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. निशाकर शर्मा ने किया। अंत में सभी आगंतुकों को भोजन कराकर चिकित्सा अधीक्षक ने सभी का आभार जताया।
Budaun Amarprabhat