आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने उठाई आवाज
प्रोत्साहन राशि को मानदेय में बदलने की मांग, आसफपुर कार्यकारिणी का गठन
आसफपुर। क्षेत्रीय ग्राम विकास संस्थान के प्रांगण में आसफपुर परियोजना की मासिक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने अपनी मांगों को लेकर रोष जताया। बैठक में उपस्थित कार्यकत्रियों ने एक स्वर में सरकार से प्रोत्साहन राशि (पीएलआई) को मूल मानदेय में शामिल करने की मांग उठाई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राजेश कुमार सक्सेना ने कहा कि जब तक प्रोत्साहन राशि को मानदेय में नहीं बदला जाता, तब तक संगठन का संघर्ष जारी रहेगा। जिला उपाध्यक्ष खजाना देवी, कोषाध्यक्ष कुमकुम जौहरी और महासचिव शोभा वर्मा ने भी कार्यकत्रियों के अधिकारों को लेकर अपने विचार रखे।
इस दौरान आसफपुर परियोजना की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें सर्वसम्मति से वीर कुमारी को ब्लॉक अध्यक्ष मनोनीत किया गया। इसके साथ ही न्याय पंचायत स्तर पर मुसिया नगला से मंजू रानी, वीर बाला, सर्वेश; पृथ्वीपुर से प्रीति शर्मा, सुनीता; राज टिकोली से शारदा कुमारी, राजवती, रीना; सीकरी से हीरेश्वरी; गुलड़िया से सरिता और निजामुद्दीनपुर शाह से पंकज सक्सेना को दायित्व सौंपा गया।
बैठक में सुनीता देवी, सुधा देवी, विनीता देवी, प्रीति, पुष्पा, शांति देवी सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं।
Budaun Amarprabhat