Breaking News

युवा संवाद में विकसित भारत 2047 में युवाओं की भूमिका पर हुई चर्चा

Spread the love

एलएलबी विद्यार्थियों ने सोशल मीडिया, रोजगार और राष्ट्र निर्माण से जुड़े सवाल पूछे

उझानी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ खंड उझानी के नेतृत्व में गुरुवार को बांके बिहारी कॉलेज ऑफ लॉ, उझानी में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं की भूमिका, विकसित भारत 2047, रोजगार, सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां भारती एवं मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता विभाग कार्यवाह जगजीवन राम रहे। विशिष्ट अतिथि खंड कार्यवाह विनोद पाल और नगर प्रचारक सत्यम रहे। अध्यक्षता बांके बिहारी कन्या पीजी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नीरज रस्तोगी ने की।

मुख्य वक्ता जगजीवन राम ने कहा कि वर्ष 2047 में भारत की स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे होंगे और उस समय आज की युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने युवाओं से रोजगार के अवसर तलाशने के साथ उद्यमिता, स्टार्टअप और स्वदेशी तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने की बात कही। उन्होंने भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने पर भी जोर दिया।

विशिष्ट अतिथि विनोद पाल ने युवाओं में अनुशासन, सेवा और राष्ट्र प्रथम की भावना को महत्वपूर्ण बताया। नगर प्रचारक सत्यम ने डिजिटल माध्यमों और सोशल मीडिया की सकारात्मक भूमिका पर विचार रखे। प्रबंधन प्रतिनिधि नवीन कुमार ने नई शिक्षा नीति और विधि विद्यार्थियों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कानून के शासन को विकसित राष्ट्र के लिए महत्वपूर्ण बताया।

संवाद सत्र में विद्यार्थियों ने भी विभिन्न विषयों पर सवाल रखे। एलएलबी प्रथम वर्ष की छात्रा खुशबू ने सोशल मीडिया के दौर में युवाओं के राष्ट्र निर्माण से जुड़ाव को लेकर प्रश्न किया। एलएलबी तृतीय वर्ष के करन सिंह ने विकसित भारत 2047 में रोजगार के अवसरों के लिए युवाओं की तैयारी पर सवाल किया। एलएलबी द्वितीय वर्ष के अभिनव सक्सेना एवं विराट प्रताप ने युवाओं की राजनीति में भागीदारी और राष्ट्र निर्माण से जुड़े प्रश्न पूछे। वक्ताओं ने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब दिए।

कार्यक्रम संयोजक एवं बांके बिहारी कॉलेज ऑफ लॉ के प्राचार्य डॉ. विक्रम सक्सेना ने अतिथियों का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन शैलेन्द्र यादव ने किया। समापन पर अध्यक्ष डॉ. नीरज रस्तोगी ने अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर विधि प्रवक्ता डॉ. पंकज, मिस रोमा गुप्ता, डॉ. पंकज नागेंद्र, सरनाम, अवनीश, डॉ. शरद अरोरा सहित अन्य प्रवक्तागण एवं एलएलबी के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

टीएमयू में एमबीबीएस फर्स्ट ईयर की स्टेप अप सेरेमनी में मेधावी सम्मानित

Spread the love तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी के मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर की ओर से …