बदायूँ। गिंदो देवी महिला महाविद्यालय, बदायूँ में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम का गरिमामयी आयोजन किया गया। महाविद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षिकाओं एवं छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर दीप प्रज्वलित किए।
सायं 6:30 बजे आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर दीपों की पावन रोशनी से जगमगा उठा। शिक्षिकाओं और छात्राओं ने दीप जलाकर समाज में सेवा, सद्भावना, सकारात्मकता और मानवीय मूल्यों के प्रसार का संकल्प व्यक्त किया।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. इंदु शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में NSS कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रीति वर्मा ने छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने स्वयंसेविकाओं को सेवा भावना एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि निस्वार्थ सेवा ही जीवन का सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने छात्राओं को समाज हित और राष्ट्र निर्माण में निरंतर सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की शिक्षिकाएं डॉ. निशा साहू, डॉ. इति अधिकारी और डॉ. शालू गुप्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं। सभी शिक्षिकाओं ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए समाज के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं एवं स्वयंसेविकाओं ने सहभागिता कर सकारात्मक बदलाव का संकल्प दोहराया।
Budaun Amarprabhat