नासा के वैश्विक आयोजन में घर बैठे भी ले सकते हैं हिस्सा, मिलेगा सहभागिता प्रमाणपत्र
बदायूं। चंद्रमा के प्रति लोगों में वैज्ञानिक जिज्ञासा और रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से 19 सितंबर 2026 को अंतर्राष्ट्रीय चंद्र अवलोकन रात्रि (International Observe the Moon Night) मनाई जाएगी। नासा के इस वैश्विक आयोजन में दुनिया भर के लोग अपने घर से चंद्रमा का अवलोकन करने, स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होने अथवा ऑनलाइन गतिविधियों के माध्यम से भाग ले सकते हैं।
खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया कि यह आयोजन प्रतिवर्ष सितंबर या अक्टूबर में उस समय आयोजित किया जाता है, जब चंद्रमा प्रथम चौथाई के आसपास होता है। वर्ष 2026 में इसकी आधिकारिक तिथि शनिवार, 19 सितंबर है। प्रथम चौथाई के आसपास चंद्रमा शाम के समय अवलोकन के लिए अनुकूल रहता है।
उन्होंने बताया कि चंद्रमा के प्रकाशित और अंधेरे हिस्से के बीच की सीमा को टर्मिनेटर कहा जाता है। इस क्षेत्र में सूर्य की रोशनी से बनने वाली लंबी परछाइयों के कारण चंद्रमा के क्रेटर, पर्वत और अन्य सतही संरचनाएं अपेक्षाकृत स्पष्ट दिखाई देती हैं। नासा ने 19 सितंबर के लिए विशेष मून मैप भी जारी किया है, जिसमें चंद्रमा की विभिन्न भू-आकृतियों को चिन्हित किया गया है।
नंगी आंखों से भी कर सकते हैं अवलोकन
अमर पाल सिंह के अनुसार अंतर्राष्ट्रीय चंद्र अवलोकन रात्रि में भाग लेने के लिए किसी विशेष उपकरण की आवश्यकता नहीं है। मौसम साफ होने पर चंद्रमा को नंगी आंखों से देखा जा सकता है। बाइनोकुलर या टेलीस्कोप उपलब्ध होने पर चंद्रमा की सतह की अधिक बारीकियों का अवलोकन किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि यह आयोजन केवल आसमान में चंद्रमा देखने तक सीमित नहीं है। विद्यालयों, विज्ञान केंद्रों और खगोलीय क्लबों में चंद्रमा के चरण, चंद्र-मानचित्र, अंतरिक्ष अभियानों और चंद्र-विज्ञान से संबंधित गतिविधियां भी आयोजित की जा सकती हैं। नासा के अनुसार खराब मौसम होने पर भी ऑनलाइन संसाधनों और वर्चुअल गतिविधियों के माध्यम से इसमें भाग लिया जा सकता है।
नासा की वेबसाइट पर दर्ज कर सकते हैं सहभागिता
नासा ने लोगों के लिए आधिकारिक कार्यक्रम मानचित्र पर अपनी सहभागिता दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध कराई है। व्यक्तिगत या पारिवारिक स्तर पर चंद्र अवलोकन करने वाले लोग भी अपनी भागीदारी पंजीकृत कर सकते हैं।
अंतर्राष्ट्रीय चंद्र अवलोकन रात्रि 2026 के लिए नासा ने सहभागिता प्रमाणपत्र (Certificate of Participation) भी उपलब्ध कराया है। प्रतिभागी प्रमाणपत्र डाउनलोड कर उस पर अपना नाम दर्ज कर सकते हैं। नासा ने दिनांक सहित तथा बिना दिनांक वाला सामान्य प्रमाणपत्र दोनों उपलब्ध कराए हैं।
अमर पाल सिंह ने लोगों से 19 सितंबर की शाम चंद्रमा का अवलोकन करने और बच्चों व विद्यार्थियों को चंद्र-विज्ञान एवं अंतरिक्ष-अन्वेषण के बारे में जानकारी देने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां आम लोगों को खगोल विज्ञान से जोड़ने में सहायक हो सकती हैं।
विशेष खगोलीय जानकारी के लिए संपर्क:
खगोलविद अमर पाल सिंह, एस्ट्रोनॉमी एजुकेटर, वीर बहादुर सिंह नक्षत्रशाला (तारामंडल), गोरखपुर, उत्तर प्रदेश।
मोबाइल: +91 7355546489, +91 7518016100
ईमेल: amarpal2250@gmail.com
Budaun Amarprabhat