राजकीय महाविद्यालय बदायूं और बिसौली में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गूंजी विकसित भारत की गूंज, भाषण व चित्रकला में विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर
बदायूं। जनपद के उच्च शिक्षण संस्थानों में शनिवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत विभिन्न बौद्धिक व रचनात्मक प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन हुआ। विद्यार्थियों ने भाषण, वाद-विवाद और चित्रकला के माध्यम से राष्ट्र निर्माण और ‘विकसित भारत @2047’ की संकल्पना पर अपने विचार साझा किए।
आवास विकास स्थित राजकीय महाविद्यालय, बदायूं में राष्ट्रीय सेवा योजना एवं कृष्णा सांस्कृतिक परिषद के संयुक्त तत्वावधान में ‘प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के 25 वर्ष के सेवा काल एवं विकसित भारत @2047 की संकल्पना’ विषय पर अंतर-महाविद्यालयीय प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्या डॉ. श्रद्धा गुप्ता ने की और मंच संचालन डॉ. राकेश कुमार जायसवाल ने संभाला। कार्यक्रम संयोजक डॉ. राशेदा खातून के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में निर्णायक की भूमिका डॉ. राजधन, डॉ. संजय कुमार, डॉ. दिनेश कुमार, डॉ. बबीता यादव एवं डॉ. सरिता यादव ने निभाई।
बदायूं राजकीय महाविद्यालय में आयोजित भाषण प्रतियोगिता में शगुन शर्मा ने प्रथम, अरुण सिंह ने द्वितीय और कुणाल शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वाद-विवाद में अनुष्का यादव प्रथम, सोनाक्षी गौतम द्वितीय व अनुष्का गौतम तृतीय रहीं। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में शौर्य जौहरी ने प्रथम, सलोनी पाल ने द्वितीय तथा पूर्णिमा तोमर ने तृतीय स्थान हासिल किया। इस दौरान जिला युवा अधिकारी आदित्य सिंह, डॉ. जुनैद आलम, डॉ. सारिका शर्मा, डॉ. सतीश सिंह यादव, रविन्द्र सिंह यादव, पवन कुमार व निखिल सिंह मौजूद रहे।
उधर, बिसौली स्थित दमयन्ती राज आनन्द राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्राचार्या प्रो. डॉ. सपना भारती के निर्देशन में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन हुआ। मंच संचालन संयोजक डॉ. पारुल रस्तोगी ने किया। रासेयो कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मंजूषा ने ‘विकसित भारत की संकल्पना: मेरे सपनों का भारत’ विषय पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए देश के विकास में युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया। प्रतियोगिता में कीर्ति, लक्ष्मी, हिमानी गुप्ता, रजत, देवराज, अंकी कुमारी, सपना, भिशिका, शीतल व नन्दनी आदि छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर अंशिका, वैष्णो शर्मा, अमन चौहान, ज्योति गुड़िया, रीता और विनीता सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
Budaun Amarprabhat