Breaking News

बाबा इंटरनेशनल स्कूल में कुकिंग विदाउट फायर प्रतियोगिता का आयोजन

Spread the love

बिल्सी : नगर के बाबा इंटरनेशनल स्कूल में ‘कुकिंग विदाउट फायर’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें कक्षा 3 से 9 एवं कक्षा 11 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने बिना आग का इस्तेमाल किए विभिन्न देशों की सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से प्रेरित स्वादिष्ट एवं पौष्टिक व्यंजन तैयार किए।

विद्यार्थियों ने मिक्स फ्रूट जूस, ड्राई फ्रूट मिल्क शेक, बनाना मिल्क शेक, मिक्स वेज सलाद, स्प्राउट सलाद, चॉकलेट डिप कुकीज, पीनट बटर बॉल्स, जैम बिस्किट, वनीला स्पंज केक, मुंबईया भेलपुरी, मिक्स फ्रूट चाट, दही भल्ले, वेज सैंडविच, ब्रेड बड़ा आदि व्यंजन तैयार कर अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मकता का परिचय दिया।

इस गतिविधि का उद्देश्य बच्चों को ताजा एवं किफायती खाद्य पदार्थों से स्वस्थ भोजन विकल्प तैयार करने के लिए प्रेरित एवं सशक्त बनाना था। भोजन तैयार करने की ऐसी गतिविधियाँ विद्यार्थियों में पोषण के प्रति जागरूकता एवं जिम्मेदारी विकसित करने के साथ-साथ सुरक्षा, स्वच्छता और रचनात्मकता की भावना को भी बढ़ावा देती हैं। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने शेफ कैप, एप्रन एवं हैंड ग्लव्स का प्रयोग करते हुए स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा।

प्रतियोगिता में कक्षा 3 से प्रथम स्थान चेष्ठा वार्ष्णेय, कक्षा 4 से अनामिका सिंह, कक्षा 5 से शिवांश मलिक, कक्षा 6 से मान्या माहेश्वरी, कक्षा 7 से हस्ती वार्ष्णेय, कक्षा 8 से आराध्या आर्य, कक्षा 9 से खुशी तथा कक्षा 11 से श्रद्धा वार्ष्णेय ने प्राप्त किया।

विद्यालय के निदेशक अनुज वार्ष्णेय एवं निदेशिका साधना वार्ष्णेय ने कहा कि अग्निरहित भोजन तैयार करने से खाद्य पदार्थों के पोषक तत्वों का ह्रास कम होता है तथा समय एवं ऊर्जा की भी बचत होती है। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी पाक-कला, रचनात्मकता एवं टीमवर्क कौशल का प्रदर्शन करने का अवसर प्रदान करना था।

विद्यालय की प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने सभी व्यंजनों का मूल्यांकन किया तथा विद्यार्थियों से उनके द्वारा तैयार किए गए व्यंजनों के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि हमें अपने आहार में ऐसे व्यंजनों को भी शामिल करना चाहिए, जिन्हें बिना आग में पकाए तैयार किया जा सकता है। ऐसे व्यंजन न केवल ईंधन की बचत करते हैं, बल्कि स्वास्थ्य की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण होते हैं। हमें नियमित रूप से अंकुरित अनाज, फलों एवं ताजे जूस का सेवन करना चाहिए, जिससे शारीरिक एवं बौद्धिक विकास में सहायता मिलती है।

इस अवसर पर विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी सहित समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

डीएम ने छात्रों से संवाद कर जिज्ञासाओं का किया समाधान

Spread the loveबदायूँ: पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज में जिलाधिकारी अवनीश राय ने छात्रों से …