‘
बदायूं। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में उच्च प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के लिए आयोजित तीन दिवसीय ‘समर्थ मॉड्यूल’ आधारित प्रशिक्षण शिविर के तृतीय चरण का विधिवत समापन हुआ। इस प्रशिक्षण में जनपद के विभिन्न विकास खंडों से आए प्रधानाध्यापकों ने प्रतिभाग किया।
समापन सत्र को संबोधित करते हुए डायट प्राचार्य राकेश कुमार ने कहा कि प्रधानाध्यापक प्रशिक्षण में सीखे गए कौशलों को धरातल पर उतारकर विद्यालयों की व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव लाएं। उन्होंने जोर दिया कि कुशल नेतृत्व से विद्यालय का वातावरण बच्चों के अनुकूल बनाएं, अभिलेखों को व्यवस्थित रखें और तनावमुक्त रहकर सहकर्मियों के सहयोग से शैक्षिक लक्ष्यों को प्राप्त करें। प्रशिक्षण नोडल डॉ. अमिता सिंह ने कहा कि समर्थ मॉड्यूल से विद्यालय के समग्र प्रबंधन में सुधार आएगा और प्रधानाध्यापक योजनाबद्ध तरीके से बेहतर परिणाम हासिल कर सकेंगे।
तीन दिवसीय कार्यशाला में संदर्भदाताओं द्वारा प्रधानाध्यापक की भूमिका, संसाधन व वित्तीय प्रबंधन, सामुदायिक सहभागिता, अंतर-विभागीय समन्वय तथा मानसिक स्वास्थ्य एवं वेलबीइंग जैसे विषयों पर महत्वपूर्ण व्याख्यान और गतिविधियां कराई गईं।
अंतिम सत्र में प्रतिभागियों का पोस्ट-टेस्ट लेकर सफल शिक्षकों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर संदर्भदाता प्रभात कुमार, राजवीर सिंह, प्रभाकर सक्सेना, अनुज सक्सेना, फरहत हुसैन, राजीव जौहरी सहित प्रधानाध्यापक मो. राशिद कादरी, डॉ. दीपिका सिंह, कुंवरसेन, कामरान, सचिन सक्सेना, बीपी गौतम, बबिता बब्बर, कंचन सक्सेना और अशोक कुमार आदि उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat