बदायूँ, जनपद में 11वां आयुर्वेद दिवस हर्षाेल्लास एवं सफलतापूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर जनपद के समस्त 26 राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालयों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों एवं योग वेलनेस सेंटरों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रमों के अंतर्गत चिकित्सा शिविर लगाकर मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया। साथ ही योग एवं ध्यान के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। चिकित्सकों द्वारा आमजन को आयुर्वेद की महत्ता, आयुर्वेदिक दिनचर्या, ऋतुचर्या, संतुलित आहार, योग एवं रोगों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय नगर बदायूँ में सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता की अध्यक्षता एवं क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी बदायूँ डॉ. योगेन्द्र सिंह के संयोजन में संगोष्ठी आयोजित की गई। विधायक ने भगवान धन्वंतरि के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने आयुर्वेद को अपनाने तथा प्रकृति के साथ जुड़कर स्वस्थ जीवन जीने के लिए लोगों को प्रेरित किया।
इस अवसर पर विधायक द्वारा चिकित्सालय परिसर स्थित हर्बल गार्डन में औषधीय पौधों का पौधरोपण भी किया गया। उन्होंने उपस्थित जनसामान्य को आयुर्वेद आधारित स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी द्वारा दिनचर्या, ऋतुचर्या, आहार, योग एवं रोग निवारण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. फरहा अंसारी द्वारा आयुर्वेद के चिकित्सकीय सिद्धांतों को अपनाने, प्रोत्साहित करने तथा स्वस्थ जीवनशैली के लिए शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय नगर बदायूँ के चिकित्सक एवं समस्त स्टाफ, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों सहित बड़ी संख्या में जनसामान्य उपस्थित रहा। जनपद के विभिन्न चिकित्सालयों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से आयुर्वेद के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
—-
Budaun Amarprabhat