गांवों में पहुंचकर बंधाया ढांढस, हरसंभव मदद का दिया भरोसा
बदायूँ। बागपत के ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जनपद बदायूं के कई लोगों की असामयिक मौत के बाद गुरुवार को स्थानीय सांसद आदित्य यादव ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। सांसद ने जिले के आधा दर्जन से अधिक गांवों का सघन दौरा कर शोकाकुल परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने परिजनों की करुण व्यथा सुनी तथा हादसे में घायल हुए लोगों का हालचाल जानकर उनके समुचित उपचार की जानकारी प्राप्त की।
सांसद आदित्य यादव ने अपने दौरे की शुरुआत बदायूं विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर से की। यहां उन्होंने दिवंगत व्यक्ति के परिजनों से मिलकर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं और सांत्वना दी। इसके उपरांत वे शेखूपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम निजामपुर पहुंचे, जहां शोकाकुल परिवार से बातचीत कर उनका दुख साझा किया और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की।
दौरे के क्रम में सांसद चेतु नगला और अलीपुर चमारी गांव भी पहुंचे। दोनों गांवों में मृतकों के घर जाकर उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि दुख की इस विकट घड़ी में पूरी समाजवादी पार्टी और वे स्वयं पीड़ितों के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इसके बाद वे बिल्सी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सराय मुड़िया खागी पहुंचे और पीड़ित परिजनों से घटना की विस्तृत जानकारी लेते हुए ढांढस बंधाया। दौरे के अंतिम चरण में सांसद सहसवान विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मदारपुर पहुंचे, जहां उन्होंने मृतक के परिजनों से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
हादसे में घायल हुए लोगों की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए सांसद आदित्य यादव ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और हर प्रकार की चिकित्सीय व प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव, विधायक ब्रजेश यादव, पूर्व विधायक भूपेंद्र सिंह दद्दा, पूर्व विधायक हाजी बिट्टन, विधायक हिमांशु यादव, महासचिव उदयवीर शाक्य, फखरे अहमद शोबी, सुनील यादव, अतुल पटेल, अशोक यादव, लक्ष्मण लोधी, देवेंद्र गौतम, सुनीता पाल, नवाब सिंह यादव, डॉ. शकील, केपी राठौर, परवेज अहमद, जवाहर सिंह यादव, प्रदीप गुप्ता एवं किशनपाल गुरु सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat