बदायूं। समाजवादी पार्टी के बदायूं लोकसभा सांसद श्री आदित्य यादव ने सिविल लाइंस, डीएम रोड स्थित अपने निज आवास पर ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान जनपद के दूर-दराज के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से पहुंचे बड़ी संख्या में लोगों ने सांसद से मुलाकात कर अपनी व्यक्तिगत और क्षेत्र से जुड़ी सामूहिक समस्याएं उनके समक्ष रखीं। सांसद ने सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता व धैर्यपूर्वक सुना और कई मामलों में मौके से ही संबंधित प्रशासनिक व विभागीय अधिकारियों को फोन कर त्वरित व निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनता दर्शन में पहुंचे लोगों ने सड़क निर्माण, निर्बाध बिजली आपूर्ति, पेयजल संकट, जल निकासी, नाली-खड़ंजा, राजस्व विवाद, पुलिसिया कार्यप्रणाली, स्वास्थ्य एवं शिक्षा से जुड़े मुद्दों से सांसद को अवगत कराया। इसके अलावा क्षेत्रवासियों ने गांवों और कस्बों में आवश्यक विकास कार्यों की मांग को लेकर भी पत्र सौंपे। सांसद आदित्य यादव ने स्पष्ट किया कि जनहित और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम जनता के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए।
जनता दर्शन के उपरांत सांसद ने समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की। उन्होंने आगामी पार्टी कार्यक्रमों और जमीनी स्तर पर संगठन की सक्रियता को लेकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। सांसद ने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ हैं, इसलिए वे जनता के बीच निरंतर संपर्क बनाए रखें। आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाकर सक्षम मंचों तक पहुंचाएं, ताकि पात्र लोगों को न्याय और सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसंवाद मजबूत करने का आह्वान किया।
Budaun Amarprabhat