Breaking News

बदायूं में तेज आंधी और बारिश का कहर पीडब्ल्यूडी कार्यालय के सामने गिरे विशालकाय पेड़, कार क्षतिग्रस्त, यातायात ठप

Spread the love

​बदायूं। जनपद में अचानक बदले मौसम के मिजाज ने भारी तबाही मचाई है। शनिवार को मूसलाधार बारिश के साथ आई भीषण आंधी ने शहर की रफ्तार थाम दी। तेज हवाओं के चलते डीएम चौराहे से कुछ ही दूरी पर स्थित लोक निर्माण विभाग कार्यालय के सामने मुख्य मार्ग पर कई विशालकाय पेड़ और उनकी भारी-भरकम शाखाएं अचानक टूटकर सड़क पर गिर पड़ीं।
​पेड़ गिरने के दौरान सड़क पर गुजर रही एक वैगनआर कार इसकी सीधी चपेट में आ गई। भारी शाखाएं गिरने से कार की छत और अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत यह रही कि इस अप्रत्याशित हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि वाहन स्वामी को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
​सड़क पर गिरे पेड़ों और बिखरे मलबे के कारण मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया, जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। आंधी की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पेड़ों के साथ-साथ हाई-टेंशन बिजली के तार और पोल भी जमीन पर आ गिरे। सड़क पर तारों का जाल बिछ जाने से इलाके की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है।
​टूटे और लटके तारों को देखकर स्थानीय नागरिकों और राहगीरों में करंट व नए हादसों को लेकर दहशत का माहौल है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि व्यस्ततम मार्ग होने के कारण यदि समय रहते सतर्कता न बरती जाती तो स्थिति और भी विकट हो सकती थी।
​स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और विद्युत विभाग से तुरंत राहत कार्य शुरू करने की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि क्रेन और कटर मशीनों की मदद से सड़क से पेड़ों को जल्द हटाकर रास्ता सुचारु कराया जाए तथा बिजली तारों की मरम्मत कर सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी बड़ी अनहोनी से बचा जा सके।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

11 लाख के बैंक बकाये पर जमीन कुर्क, 15 दिन में भुगतान नहीं तो नीलामी

Spread the loveफैजगंज बेहटा। पंजाब नेशनल बैंक ओरछी शाखा के बैंक बकाये की वसूली के …