स्टार्टर चोर गिरोह का आतंक
कुंवरगांव। थाना क्षेत्र में किसानों के ट्यूबवेलों पर सक्रिय स्टार्टर चोर गिरोह का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक तरफ जहां बेमौसम बारिश ने फसलों को बर्बाद कर दिया है, वहीं दूसरी तरफ लगातार हो रही चोरियों ने अन्नदाता की कमर तोड़ दी है। ताजा मामला गांव बनगढ़ और आजमगंज मढ़िया के जंगल का है, जहां शनिवार रात चोरों ने आधा दर्जन किसानों के ट्यूबवेलों को निशाना बनाकर हजारों रुपये कीमत के स्टार्टर, केबल और बिजली उपकरण पार कर दिए।
चोरों ने बारिश का फायदा उठाकर बनगढ़ निवासी जमील के ट्यूबवेल का ताला तोड़कर स्टार्टर व केबल चोरी की। वहीं आजमगंज मढ़िया के जंगल में चार अन्य किसानों के ट्यूबवेलों को खंगाल डाला। इससे पहले महज आठ दिन पूर्व इनायतगंज में कुंवरपाल, छोटेलाल, खेतल, भूरेलाल व रतनलाल तथा लाही क्षेत्र में उम्मीद हसन, इसरार, पोशाकी लाल, नत्थू, खलील और आरिफ सहित दर्जनों किसानों के ट्यूबवेलों में नकब लगाकर सामान चुराया गया था।
खेतों में सुनसान स्थानों पर बने ट्यूबवेलों पर लगातार हो रही इन वारदातों से किसानों में गहरा आक्रोश है। पीड़ित किसानों का आरोप है कि बार-बार तहरीर देने के बावजूद पुलिस शिकायतों को गंभीरता से नहीं ले रही है। घटनाओं का खुलासा न होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। किसानों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और गिरोह का जल्द पर्दाफाश करने की मांग की है।
Budaun Amarprabhat