बदायूँ। आवास विकास स्थित राजकीय महाविद्यालय बदायूँ में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) एवं कृष्णा सांस्कृतिक परिषद के संयुक्त तत्वावधान में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। ‘प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के 25 वर्ष के सेवा काल एवं विकसित भारत @2047 की संकल्पना’ विषय पर आयोजित भाषण, वाद-विवाद और चित्रकला प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार ने की तथा कुशल संचालन डॉ. राकेश कुमार जायसवाल ने किया।
डॉ. ज्योति विश्नोई और डॉ. राशेदा खातून के संयोजन में आयोजित भाषण प्रतियोगिता (विकसित भारत @2047 एवं विद्यार्थियों की भूमिका) में राजकीय महाविद्यालय की शगुन शर्मा ने प्रथम, महाराणा प्रताप राजकीय महाविद्यालय बिल्सी के कन्हैया ने द्वितीय और राजकीय महाविद्यालय के कुणाल शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं, ‘कल्याणकारी योजनाओं का सफल क्रियान्वयन’ विषय पर आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय की अनुष्का यादव प्रथम व सोनाक्षी गौतम द्वितीय रहीं, जबकि बिल्सी कॉलेज की खुशी सोलंकी तीसरे स्थान पर रहीं।
डॉ. सरिता यादव की देखरेख में संपन्न चित्रकला प्रतियोगिता में राजकीय महिला महाविद्यालय (घंटाघर) की अंशिका ने बाजी मारते हुए प्रथम और शिफा खान ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। तृतीय स्थान बिल्सी कॉलेज की खुशबू गौतम को मिला।
निर्णायक मंडल में प्रख्यात चित्रकार व कवयित्री सीमा चौहान, जेएस पीजी कॉलेज की प्राचार्य डॉ. निशि अवस्थी एवं गंगा समग्र की पूनम सिंह शामिल रहीं। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. जुनैद आलम, डॉ. गौरव कुमार सिंह, बिल्सी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पंकज कुमार सिंह सहित ममता शर्मा और विशाल का विशेष सहयोग रहा।
Budaun Amarprabhat