आसफपुर। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर बीते एक सप्ताह से धरने पर बैठे स्वास्थ्य कर्मियों ने सोमवार देर शाम अपना विरोध प्रदर्शन समाप्त कर दिया। आंदोलनरत स्वास्थ्य कर्मियों ने सेवा स्थायीकरण और ‘समान कार्य के लिए समान वेतन’ जैसी प्रमुख मांगों को लेकर सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पंकज कुमार शर्मा को एक सामूहिक ज्ञापन सौंपा।
स्वास्थ्य कर्मियों का कहना था कि वे लंबे समय से पूरी निष्ठा के साथ स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान दे रहे हैं, लेकिन शासन स्तर से उनकी जायज मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मियों की सेवाओं को नियमित किया जाए तथा उन्हें स्थायी कर्मचारियों के समान वेतन व अन्य सुविधाएं मुहैया कराई जाएं। चिकित्सा अधीक्षक को ज्ञापन सौंपने और अपनी बात उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने के आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने धरना समाप्त करने की घोषणा की।
धरना प्रदर्शन के दौरान संध्या शर्मा, दीक्षा गौड़, साबिया परवीन, पूनम, निकिता यादव, रेखा, शिखा चौधरी, शिवानी गौतम, ममता रानी, नीरज और गीता सैनी सहित कई स्वास्थ्य कर्मी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat