‘कादरचौक ब्लॉक का रहा जलवा
बदायूं। मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला की विशेष पहल एवं मार्गदर्शन में परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और संविलियन विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित “उमंग एक पहचान” कार्यक्रम की जनपद स्तरीय प्रतियोगिता जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों की प्रतिभा निखारने के उद्देश्य से विद्यालय और ब्लॉक स्तर के बाद आयोजित इस महामुकाबले में विभिन्न ब्लॉकों के 256 मेधावी विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने स्वयं मौके पर पहुंचकर प्रतियोगिताओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत कहानी, भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का अवलोकन कर बच्चों के आत्मविश्वास व अभिव्यक्ति कौशल की मुक्तकंठ से सराहना की। सीडीओ ने कहा कि इस तरह के आयोजनों का मुख्य ध्येय बच्चों में छिपी प्रतिभा को मंच देना, समय प्रबंधन, अनुशासन और विपरीत परिस्थितियों में सटीक निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना है, ताकि वे भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए सशक्त बन सकें।
जनपद स्तरीय इस स्पर्धा में खंड शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में कादरचौक ब्लॉक के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर परचम लहराया। कहानी सुनाओ प्रतियोगिता में प्राथमिक विद्यालय सिसोरा के छात्र पंचू ने प्रथम स्थान हासिल किया। भाषण प्रतियोगिता (हिंदी) में संविलियन विद्यालय गंगपुर पुख्ता के लुकमान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता (अंग्रेजी) में संविलियन विद्यालय नूरपुर की छात्रा सारेहा खान ने अव्वल रहकर बाजी मारी। डिक्टेशन प्रतियोगिता में प्राथमिक विद्यालय लभारी के अंकित ने दूसरा स्थान प्राप्त कर गौरव बढ़ाया।
इसके अतिरिक्त मनीष (पी.एस. निजामपुर), अंकित (प्रा.वि. लभारी) और राखी (प्रा.वि. गंगी नगला) ने सांत्वना पुरस्कार जीतकर ब्लॉक का मान बढ़ाया।इस अवसर पर डायट प्राचार्य राकेश कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार, डायट के वरिष्ठ प्रवक्ता उमेंद्र दत्त त्रिपाठी, खंड शिक्षा अधिकारी दिलीप कुमार, प्रशांत सिंह राठौर, ज्योति प्रकाश तिवारी सहित समस्त एसआरजी, एआरपी, शिक्षक और अभिभावक मौजूद रहे। अधिकारियों ने विजेता बच्चों, उनके शिक्षकों और मेंटर्स को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Budaun Amarprabhat