बदायूं। 27 सितंबर को जिले में हुई भारी बारिश के कारण विकासखंड म्याऊं की गौशाला अभिगांव और विकासखंड सालारपुर की गौशाला ब्यौर में गोवंश की मृत्यु के मामले में प्रशासन ने जांच के बाद विभिन्न स्तरों पर कार्रवाई की है। दोनों घटनाओं की जांच के लिए अलग-अलग समितियों का गठन किया गया था।
प्रेस नोट के अनुसार, म्याऊं की गौशाला अभिगांव की जांच मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला की अध्यक्षता में तथा सालारपुर की गौशाला ब्यौर की जांच ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्यामसुंदर की अध्यक्षता में गठित समिति ने की। जांच आख्या के क्रम में पशु चिकित्साधिकारी म्याऊं एवं सालारपुर को निलंबित किए जाने तथा मुख्य पशु चिकित्साधिकारी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजा गया है।
ग्राम पंचायत अभिगांव के संबंधित सचिव को निलंबित कर दिया गया है। उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अब्दुल रहीम तथा खंड विकास अधिकारी म्याऊं और सालारपुर को विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है।
दोनों गौशालाओं की एनजीओ को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। गौशाला संचालकों के खिलाफ संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। अभिगांव गौशाला के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। प्रशासन ने सभी गोवंश आश्रय स्थलों में निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
Budaun Amarprabhat