Breaking News

पॉक्सो अधिनियम के प्रति छात्र-छात्राओं को किया जागरूक

Spread the love

बिल्सी (बदायूं)। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बदायूं द्वारा गांधी जयंती के अवसर पर चलाए जा रहे विशेष विधिक जागरूकता अभियान के तहत नन्नूमल जैन विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, बिल्सी में पॉक्सो अधिनियम-2012 के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में ग्राम न्यायालय, बिल्सी के न्यायाधिकारी अखिलेश पटेल ने छात्र-छात्राओं को पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों, बाल अधिकारों तथा बच्चों को यौन अपराधों से संरक्षण के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों के विरुद्ध होने वाले यौन अपराध गंभीर अपराध हैं तथा ऐसे मामलों में पॉक्सो अधिनियम के तहत कड़े कानूनी प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी अनुचित घटना की जानकारी तत्काल अभिभावक, शिक्षक अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति को देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान ‘राहत’ (RAHAT) सर्वाइवर सपोर्ट प्रोग्राम से संबंधित आंकड़ों के माध्यम से भी छात्र-छात्राओं को जागरूक किया गया। बताया गया कि मुंबई पुलिस द्वारा अगस्त 2008 से जुलाई 2015 के बीच यौन हिंसा से संबंधित 644 एफआईआर के अध्ययन में 74 प्रतिशत मामलों में पीड़ित नाबालिग थे, जबकि 91 प्रतिशत मामलों में आरोपी पीड़ित के परिचित अथवा जान-पहचान का व्यक्ति था। इन आंकड़ों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को सतर्क रहने तथा किसी भी अनुचित व्यवहार की स्थिति में बिना झिझक सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में बिल्सी पुलिस की टीम भी उपस्थित रही। छात्र-छात्राओं को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 एवं नालसा विधिक सहायता हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राजकमल एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे। वहीं न्यायालय स्टाफ से हर्षित, गौरव, मनीषा, अजय, अजिताभ एवं सौरभ ने कार्यक्रम में सहभागिता की। छात्र-छात्राओं ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और बाल अधिकारों एवं विधिक संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को पॉक्सो अधिनियम, बाल अधिकारों एवं विधिक संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा किसी भी प्रकार के यौन अपराध या अनुचित व्यवहार की स्थिति में समय पर सहायता प्राप्त करने के लिए उन्हें सजग करना रहा।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

भारी बारिश के बीच रेल परिचालन की निगरानी, 60 घंटे से डटे रेलकर्मी

Spread the loveबरेली, 27 सितंबर। लगातार हो रही भारी बारिश और तेज हवाओं के बीच …