बदायूं। राष्ट्रव्यापी ‘स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम-2026’ एवं सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जगत ब्लॉक के ग्राम पडौआ में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन जिला गंगा समिति बदायूं के तत्वावधान में तथा हॉपयूनिटी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन के संयुक्त सहयोग से संपन्न हुआ। पूरे कार्यक्रम का संचालन जिला परियोजना अधिकारी (नमामि गंगे) अनुज प्रताप सिंह के दिशा-निर्देशन में ग्राम पडौआ स्थित बी.आर. आंबेडकर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में किया गया।
अभियान के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ प्रतिभाग किया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वच्छता गोष्ठी के साथ हुई, जिसमें विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत कराया गया। इसके बाद आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी कलाकृतियों और रंगों के माध्यम से स्वच्छ भारत की सुंदर परिकल्पना को प्रदर्शित किया।
विद्यार्थियों ने गांव में जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को अपने परिवेश को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए प्रेरित किया। रैली के उपरांत छात्र-छात्राओं और स्वयंसेवकों ने विद्यालय परिसर में श्रमदान कर साफ-सफाई की तथा जीवन में स्वच्छता को अपनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए हॉपयूनिटी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन की निदेशक डॉ. कृष्णा सिंह ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी तंत्र का दायित्व नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक सामाजिक जिम्मेदारी है। जब प्रत्येक नागरिक स्वयं आगे आकर अपने परिवेश को साफ रखेगा और दूसरों को जागरूक करेगा, तभी एक स्वस्थ समाज की नींव रखी जा सकेगी।
कार्यक्रम में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग टीम से बलजीत कुमार सिंह, रवि कुमार एवं श्रीमती रेनू ने उपस्थित रहकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें सुरक्षा व जागरूकता से जुड़े उपयोगी सुझाव दिए। इस आयोजन को सफल बनाने में ज्योति, कुमकुम, मनोज कुमार राठौर, आकाश शर्मा, सुमन पाल सहित संस्था के स्वयंसेवकों और विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा।
Budaun Amarprabhat