बदायूं। श्री शिव शक्ति मानव सेवा समिति के संस्थापक संजय पाराशरी को अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा और लंगर व्यवस्था के लिए जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा द्वारा लगातार तीसरी बार सम्मानित किया गया। उन्हें बालटाल बेस कैंप में देशभर से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सेवा के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।
समिति के संस्थापक संजय पाराशरी और महासचिव डॉ. शम्स बदायूंनी पिछले 20 वर्षों से अमरनाथ यात्रा के दौरान बालटाल में सेवा कार्यों से जुड़े हैं। समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जाती है।
डॉ. शम्स बदायूंनी ने कहा कि उपराज्यपाल द्वारा लगातार तीसरी बार सम्मानित किया जाना समिति के सेवा कार्यों के लिए गौरव की बात है। उन्होंने इसे बदायूं और बरेली मंडल के लिए भी सम्मान बताया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद संजय पाराशरी ने कहा कि यह बाबा बर्फानी की कृपा है। शिवभक्तों की सेवा उनके लिए भक्ति और मानव सेवा का अवसर है। सम्मान मिलने पर क्षेत्र के सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने प्रसन्नता व्यक्त की।
संवाददाता गोविन्द देवल
Budaun Amarprabhat