बदायूं। जनपद में हाल में हुई भारी बारिश से फसलों को हुए नुकसान समेत किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर किसान संगठन के पदाधिकारियों ने बुधवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। जिलाधिकारी ने समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
किसानों की समस्याओं को लेकर 30 सितंबर से मालवीय आवास गृह पर प्रस्तावित धरना फिलहाल अगली तारीख तक स्थगित कर दिया गया। संगठन की ओर से कहा गया कि बारिश से फसलों को नुकसान हुआ है। ऐसे में किसानों के सामने रबी की फसल की बुवाई के साथ कर्ज की किस्त जमा करने की भी समस्या है।
ज्ञापन में प्रभावित फसलों का तहसील प्रशासन से सर्वे कराकर नियमानुसार मुआवजा दिलाने की मांग की गई। इसके अलावा उत्तर प्रदेश राज्य सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड, लखनऊ द्वारा जमीनों की नीलामी के लिए घोषित तिथियों को निरस्त करने तथा एनपीए खातों के लिए एकमुश्त समाधान योजना लागू कर कम राशि पर खातों के निस्तारण की मांग की गई।
संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर आगे भी संघर्ष जारी रखा जाएगा और बदायूं में पंचायत आयोजित की जाएगी।
ज्ञापन देने वालों में जिला अध्यक्ष रामाशंकर शंखधार, बरेली मंडल सचिव विनोद सक्सेना, जिला महासचिव नरेंद्र सक्सेना, तहसील अध्यक्ष फैयाज खान, ब्लॉक अध्यक्ष म्याऊं सुनील कुमार शर्मा, चंद्र प्रकाश यादव, ऋषिपाल और जिला उपाध्यक्ष रामकुमार शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
संवाददाता गोविन्द देवल
Budaun Amarprabhat