बदायूं। नगर पालिका परिषद बदायूं द्वारा शहर के सर्वांगीण विकास के तहत वार्ड संख्या 25, 16 और 26 में 12.38 लाख रुपये की कुल लागत से नवनिर्मित सीसी सड़क और नाली निर्माण कार्यों का नगर पालिका परिषद चेयरमैन फात्मा रजा ने विधिवत उद्घाटन किया। इन निर्माण कार्यों के पूर्ण होने से स्थानीय नागरिकों को सुगम आवागमन के साथ-साथ जलभराव की गंभीर समस्या से भी निजात मिलेगी।
पालिका द्वारा वार्ड संख्या 25 में सिराज के मकान से पिन्टू के प्लॉट तक करीब 3.33 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क व नाली बनाई गई है। वहीं वार्ड संख्या 16 में बंटी गैस की दुकान से इकबाल के मकान तक 6.63 लाख रुपये और वार्ड संख्या 26 में मुन्ने भाई के मकान से अब्दुल हकीम के मकान तक 2.42 लाख रुपये की लागत से निर्माण कार्य पूरा कराया गया है। तीनों स्थानों पर पहुंचकर चेयरमैन फात्मा रजा ने फीता काटकर विकास कार्यों का लोकार्पण किया। स्थानीय नागरिकों ने चेयरमैन का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत करते हुए आभार जताया। लोगों का कहना था कि जर्जर सड़क और जलभराव से लंबे समय से हो रही फजीहत अब दूर हो सकेगी।
इस अवसर पर चेयरमैन फात्मा रजा ने कहा कि नगर पालिका बिना किसी भेदभाव के शहर के सभी वार्डों में जनहित और आवश्यकता के अनुसार प्राथमिकता से विकास कार्य करा रही है। सड़क, नाली, सफाई, सुचारू जलनिकासी और प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त रखना नगर पालिका की शीर्ष प्राथमिकता है। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और मानकों पर बल देते हुए नागरिकों से नालियों में कचरा न डालने व सफाई व्यवस्था में पालिका का सहयोग करने की अपील की।
उद्घाटन के दौरान सभासद कनीज फात्मा, राजा, पूर्व सभासद भूरे पीर, असदस हुसैन, गोल्डी, कामरान, लतीफ, वसीम, समीर, आसिम, बाबू भाई, अंसार, सिराज, अजमत, आदिल, पप्पू, आरिफ के अलावा कार्यालय अधीक्षक सूर्य प्रकाश सक्सेना, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक मोहम्मद तय्यब, सफाई निरीक्षक केशव गंगवार, निर्माण लिपिक सक्सेना और लिपिक नवैद इकबाल गनी सहित भारी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat