बदायूं। अखिल भारतीय आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का 14वां मंडल स्तरीय सम्मेलन इस्लामिया इंटर कॉलेज के सामने स्थित एक सभागार में धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सदर विधायक व पूर्व राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता तथा विशिष्ट अतिथि जिला कार्यक्रम अधिकारी धर्मेंद्र कुमार कुलश्रेष्ठ ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। संगठन के पदाधिकारियों ने अतिथियों का माल्यार्पण व अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।
सम्मेलन में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने अपनी प्रमुख समस्याएं रखीं। उन्होंने सदर विधायक से मांग की कि वे मुख्यमंत्री से वार्ता कर प्रोत्साहन राशि को मूल मानदेय में शामिल कराएं, जिससे उन्हें ₹12,000 का एकमुश्त मासिक मानदेय मिल सके। वहीं, कार्यकत्रियों ने डीपीओ से आयुष्मान कार्ड, लंबित मानदेय और प्रोत्साहन राशि के भुगतान को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस पर डीपीओ ने सभी समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का ठोस आश्वासन दिया।
समारोह के दौरान 62 वर्ष की आयु पूरी कर सेवानिवृत्त हुईं आंगनबाड़ी कार्यकत्री प्रवेश कुमारी चौहान को अंगवस्त्र व फूल-माला पहनाकर भावभीनी विदाई दी गई। मंच से मंडल अध्यक्ष मोर श्री गुप्ता, जिलाध्यक्ष राजेश कुमार सक्सेना, जिला संरक्षक विनोद कुमार सक्सेना, जिला उपाध्यक्ष खजाना देवी, महासचिव शोभा वर्मा, कोषाध्यक्ष कुमकुम जौहरी, तोषी रानी, रानू सिंह, मृदुल भदौरिया व शशि रानी सक्सेना ने संबोधित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में रामनरेश व दिनेश यादव का विशेष सहयोग रहा। इस मौके पर चांद बी, क्षमा पांडे, मोहिनी शर्मा, सीता देवी, सर्वेश, प्रियंका, पुष्पा सहित सैकड़ों आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।
Budaun Amarprabhat