– मेकअप और हुनर का महासंग्राम, छात्राओं ने बिखेरे प्रतिभा के रंग
– छाया ट्रेनिंग सेंटर के तीन माह के प्रोफेशनल मेकअप कोर्स का भव्य ग्रैंड फिनाले, रैंप वॉक और डांस ने मोहा मन
बदायूं : स्काउट भवन में छाया ट्रेनिंग सेंटर की ओर से संचालित तीन माह के प्रोफेशनल मेकअप आर्टिस्ट कोर्स का भव्य ग्रैंड फिनाले उत्साह और उमंग बीच संपन्न हुआ। जिले भर से आए प्रतिभागियों ने ब्राइडल मेकअप, एचडी मेकअप, मॉडलिंग मेकअप और फैंसी ड्रेस मेकअप का लाइव मॉडल पर अपने हुनर का शानदार प्रदर्शन किया। रैंप वॉक, नृत्य और दुल्हन श्रृंगार और मनमोहक मेकअप प्रस्तुतियों से बच्चों ने दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। छाया ट्रेनिंग सेंटर की संचालिका मोनिका मौर्य ने कहा कि प्रत्येक बच्चे में अद्भुत प्रतिभा और असीम संभावनाएं छिपी होती हैं। आवश्यकता उचित मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और अवसर प्रदान करने की है। जब बच्चों के हुनर को सही दिशा मिलती है, तो वे अपनी प्रतिभा के दम पर देश का नाम दुनियां में रोशन कर सकते हैं।
जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि जीवन तप, त्याग, परिश्रम और निरंतर साधना से महकता है। बच्चों के सपनों को साकार करने के लिए उनको हौसला और खुले आसमान में उड़ने के लिए पंख दें, ताकि वे बिना संकोच अपने हुनर का प्रदर्शन कर सकें और आत्मनिर्भर बनकर समाज में अपनी अलग पहचान स्थापित कर सकें।
मेकअप प्रतियोगिता में दुल्हन के आकर्षक रूप में सजी ममता राही ने प्रथम, मंजू राही ने द्वितीय और कशिश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। माडलिंग प्रतियोगिता में अजीत वर्मा प्रथम, भूमि द्वितीय और नैना तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं डांस प्रतियोगिता में श्रद्धा वर्मा ने प्रथम, सौरभ ने द्वितीय और आरुषि ने तृतीय स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के निर्णायक अभिषेक, पंकज कुमार, दीपक सैनी और मनोज कुमार रहे। कार्यक्रम का संचालन कोमल साहू ने किया। अंत में संचालिका मोनिका मौर्य ने विजेता प्रतिभागियों को प्रतीक चिह्न एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। सैंकड़ों दर्शकों ने बच्चों का उत्साह वर्धन किया।
Budaun Amarprabhat