बदायूं। द्रौपदी देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में गुरुवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण के साथ हुआ। साथ ही विद्यार्थियों को पाक्सो एक्ट के प्रावधानों के प्रति जागरूक किया गया।
ध्वजारोहण विद्यालय प्रबंधक मनीष सिंघल और प्रधानाचार्य कुशल पाल शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम का संचालन आचार्य नीरज मिश्रा ने किया। विद्यालय प्रधानमंत्री भैया नमन पाठक ने विद्यार्थियों से देशभक्ति एवं राष्ट्रभाव से जुड़े उद्घोष लगवाए तथा महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन एवं विचारों पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि अपर जिला जज नावेद ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए दोनों महापुरुषों के जीवन, आदर्शों, सादगी, सत्य, अहिंसा, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से महापुरुषों के जीवन-मूल्यों को अपने आचरण में अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में पाक्सो एक्ट से संबंधित प्रावधानों और बच्चों की सुरक्षा के प्रति जागरूकता पर भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर महावीर सिंह, सुरेंद्र मिश्रा, दिलीप नागेंद्र, सुरेंद्र सिंह, स्कंद शर्मा, पंकज राजपूत, गजेंद्र सिंह, रविन चौहान, संजय गर्ग, रविशंकर मौर्य, रुचि गुप्ता, अदिति मिश्रा, तृप्ति राठौर सहित विद्यालय के आचार्यगण और विद्यार्थी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र के प्रति समर्पण और महापुरुषों के आदर्शों को जीवन में अपनाने के संकल्प के साथ हुआ।
Budaun Amarprabhat