
डॉ. उर्मिलेश को समर्पित कवि सम्मेलन में देशभर के कवियों ने बांधा समां
बदायूं। श्री रामलीला महोत्सव के तहत बुधवार रात राष्ट्रीय गीतकार डॉ. उर्मिलेश को समर्पित मंच पर अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। देश के विभिन्न हिस्सों से आए कवियों ने हास्य, व्यंग्य, श्रृंगार और वीर रस की रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर रात तक पंडाल तालियों और ठहाकों से गूंजता रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता, आयोजन समिति के पदाधिकारियों और कवियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथियों और कवियों का सम्मान किया गया।
कानपुर के हास्य कवि हेमंत पांडेय ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को खूब हंसाया। लखनऊ की कवयित्री शशि श्रेया ने श्रृंगार रस की रचनाएं प्रस्तुत कीं, जबकि अभय निर्भीक ने वीर रस की कविताओं से राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। डॉ. सोनरूपा विशाल, आदित्य जैन और डॉ. अक्षत अशेष ने भी अपनी रचनाओं से खूब वाहवाही बटोरी।
आयोजन समिति के अध्यक्ष अरविंद कांत और सांस्कृतिक मंत्री अमर वैश्य ने बताया कि धार्मिक आयोजनों के साथ साहित्य और संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कवि सम्मेलन अब प्रतिवर्ष आयोजित किया जाएगा।
इस मौके पर मुनीश अग्रवाल, रविंद्र कुमार, शैलेंद्र प्रकाश गुप्ता, अनुपम वैश्य, गौरव गुप्ता, नितिन गुप्ता, अनूप रस्तोगी और विशाल रस्तोगी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat