Breaking News

रेत पर बसी आस्था की नगरी, गंगा तट पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

Spread the love


**तंबुओं के शहर में गूंज रहे हर-हर गंगे के जयकारे, मीना बाजार में रौनक; सुरक्षा को घुड़सवार पुलिस और पीएसी तैनात**

**बदायूं।** रुहेलखंड का सुप्रसिद्ध मिनी कुंभ मेला ककोड़ा इन दिनों श्रद्धा, भक्ति और सनातन संस्कृति के रंग में रंगा नजर आ रहा है। गंगा किनारे रेत की सफेद चादर पर तंबुओं का विशाल शहर बस चुका है। दूर-दराज के जिलों और प्रदेशों से श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, कारों, टेंपो, मोटरसाइकिलों और साइकिलों से मेले में पहुंच रहे हैं। इस बार मेले के पश्चिमी हिस्से में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अपने तंबू लगाए हैं।

भोर होते ही गंगा तट पर स्नान और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगती है। हर-हर गंगे के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठता है। देवोत्थान एकादशी का पर्व भी श्रद्धालुओं ने धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर सिंघाड़े, शकरकंद और गन्ने की जमकर खरीदारी हुई। श्रद्धालु गंगा तट पर दीप प्रवाहित कर सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।

मेले में मीना बाजार की रौनक देखते ही बन रही है। महिलाएं घरेलू और श्रृंगार के सामान की खरीदारी कर रही हैं, वहीं बच्चों के लिए झूले, खिलौने, मौत का कुआं और जादू के खेल आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। मिठाइयों और खानपान की दुकानों पर भी खूब भीड़ उमड़ रही है। रात में रंगीन रोशनी से जगमगाता तंबुओं का शहर आकर्षक नजारा पेश कर रहा है। मेले का मुख्य प्रवेश द्वार भी तैयार किया जा रहा है।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस के साथ घुड़सवार पुलिस और पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं। प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। वहीं मेला परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए लोगों से पॉलिथीन का प्रयोग न करने तथा मांस-मदिरा से दूर रहने की अपील की गई है। मेले में जुआ खेलने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

जंगल में पेड़ से लटका मिला 40 वर्षीय युवक का शव, परिवार में मचा कोहराम

Spread the loveबदायूं। थाना मूसाझाग क्षेत्र के गांव फरीदपुर साहनी के पास जंगल में रविवार …